NCERT Solutions for Class 10 Geography Chapter 7 in Hindi

राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएं


National Economy

आतिलघु उत्तरीय प्रश्नोत्तर


➦ 1. निम्न से कौन से दो दूरस्थ स्थित स्थान पूर्वी-पश्चिमी गलियारे से जुड़े हैं -
(क) मुंबई तथा नागपुर
(ख) सिलचर तथा पोरबंदर
(ग) मुंबई और कोलकाता
(घ) नागपुर तथा सिलिगुड़ी

➥ उत्तर - (ख) सिलचर तथा पोरबंदर

➦ 2. निम्नांकित में से परिवहन का कौन-सा साधन वहनांतरण हानियों तथा देरी को घटाता है -
(क) रेल परिवहन
(ख) सड़क परिवहन
(ग) पाइपलाइन
(घ) जल परिवहन

➥ उत्तर - (ग) पाइपलाइन

➦ 3. निम्न में से कौन-सा राज्य हजीरा-विजयपुर-जगदीशपुर पाइपलाइन से नहीं जुड़ा है -
(क) मध्य प्रदेश
(ख) महाराष्ट्र
(ग) गुजरात
(घ) उत्तर प्रदेश

➥ उत्तर - (ख) महाराष्ट्र।

➦ 4. इनमें से कौन-सा पत्तन पूर्वी तट पर स्थित है जो अंतः स्थलीय तथा अधिकतम गहराई का पत्तन है तथा पूर्ण सुरक्षित है -
(क) चेन्नई
(ख) पारादीप
(ग) तूतीकोरिन
(घ) विशाखापट्नम

➥ उत्तर - (घ) विशाखापट्नम

➦ 5. निम्न में से कौन-सा परिवहन साधन भारत में प्रमुख साधन है -
(क) पाइपलाइन
(ख) रेल परिवहन
(ग) सड़क परिवहन
(घ) वायु परिवहन

➥ उत्तर - (ख) रेल परिवहन

➦ 6. निम्न में से कौन-सा शब्द दो या अधिक देशों के व्यापार को दर्शाता है -
(क) आंतरिक व्यापार
(ख) अंतर्राष्ट्रीय व्यापार
(ग) बाहरी व्यापार
(घ) स्थानीय व्यापार

➥ उत्तर - (ख) अंतर्राष्ट्रीय व्यापार

➦ 7. परिवहन क्यों आवश्यक है?
➥ उत्तर - परिवहन किसी देश की अर्थव्यवस्था का आधार होता है। परिवहन आवागमन का साधन होता है। यह कृषि और उद्योग, व्यापार और संचार के विकास में सहायक होता है। यह किसी देश के आंतरिक और बाहरी सुरक्षा में सहायक होता है।

➦ 8. परिवहन के चार साधनों के नाम लिखें।
➥ उत्तर - परिवहन के चार साधन -
(क) सड़क परिवहन,
(ख) रेल परिवहन,
(ग) वायु परिवहन,
(घ) जल परिवहन।

➦ 9. जीवन के लिए संचार के साधन क्यों आवश्यक हैं ?
➥ उत्तर - संचार किसी भी व्यक्ति की दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने में सहायक होता है। यह देश-विदेश की खबरों को लोगों तक पहुँचाता है। यह परिवहन, उद्योग तथा व्यापार के विकास में सहायक होता है। किसी देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा में सहायक होता है। यह लोगों के मनोरंजन का प्रमुख साधन है। इन सभी कारणों से यह जीवन के लिए जरूरी हो जाता है।

➦ 10. संचार के चार साधनों के नाम बताएँ।
➥ उत्तर - संचार के चार साधन -
(क) टेलीविजन,
(ख) रेडियो,
(ग) समाचार-पत्र,
(घ) डाक ।

➦ 11. जन संचार क्या है ?
➥ उत्तर - संचार के कुछ साधनों द्वारा सूचना को बहुत से लोगों तक एक साथ पहुँचाया जा सकता है। इसे जनसंचार कहते हैं। जैसे- रेडियो, टेलीविजन, समाचार-पत्र आदि।

➦ 12. भारत के विशाल मैदानों में रेलमार्गों का जाल हिमालय के पर्वतीय क्षेत्रों से अधिक क्यों है?
➥ उत्तर - हिमालय पर्वतीय क्षेत्र काफी दुर्गम क्षेत्र है जहाँ पर्वत की चट्टानों को काटकर तथा घाटियों को भरकर रेल लाइनें बिछाना काफी महँगा भी है और कठिन भी। भारत का मैदानी भाग समतल प्राय है जहाँ रेलमार्ग महत्त्वपूर्ण योगदान देता है। यह लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है।

➦ 13. आज भारतीय रेलों के सामने कौन-कौन सी समस्याएँ हैं ?
➥ उत्तर - बिना टिकट यात्रा करना, जंजीर खींचकर रेलगाड़ी को बार-बार रोकना जिससे रेलगाड़ी का निश्चित समय में निश्चित स्थान पर पहुँचने में देर होना, रेलवे संपत्ति का दुरुपयोग एवं चोरी करना आदि।

➦ 14. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस के परिवहन में पाइपलाइनों के लाभ बताएँ।
➥ उत्तर - (क) पाइप लाइनों द्वारा कच्चा तेल दूर स्थित तेल शोधक कारखानों तक तथा प्राकृतिक गैस उर्वरकों के कारखानों तक आसानी से पहुँचाया जा सकता है।
(ख) पाइप लाइनों द्वारा परिवहन से पेट्रोलियम और प्राकतिक गैस की बर्बादी की कम संभावना रहती है।

➦ 15. राष्ट्रीय महामार्ग क्या है?
➥ उत्तर - एक राज्य से दूसरे राज्य को मिलाने वाले सड़क मार्गों को राष्ट्रीय महामार्ग कहते हैं। इनके निर्माण तथा देखभाल की जिम्मेदारी केंद्रीय सरकार की होती है।

➦ 16. एक्सप्रेस राष्ट्रीय महामार्ग किसे कहते हैं ?
➥ उत्तर - सरकार ने 4 से 6 लाइनों वाले सड़क मार्ग बनाने की योजना बनायी है। इन सड़कों को राष्ट्रीय सुपर महामार्गों का नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य लंबी दूरी की यात्रा को तीव्र तथा सुरक्षित बनाना है।

➦ 17. स्वर्णिम चतुर्भुज एक्सप्रेस महामार्ग से जोड़े जाने वाले नगरों के नाम बताएँ।
➥ उत्तर - स्वर्णिम चतुर्भुज सुपर महामार्ग से जोड़े जाने वाले नगरों में दिल्ली, मुम्बई, चेन्नई और कोलकाता हैं।

➦ 18. भारत के किन्हीं चार अन्तर्राष्ट्रीय वायुपत्तनों के नाम बताएँ।
➥ उत्तर - भारत के चार अन्तर्राष्ट्रीय वायुपत्तन :-
(क) दिल्ली , (ख) कोलकाता, (ग) मुम्बई और (घ) चेन्नई।

➦ 19. इंडियन एयरलाइंस से जुड़े देशों के नाम बताएँ।
➥ उत्तर - इंडियन एयरलाइंस से जुड़े देशों के नाम :-
(क) कतर, (ख) मलेशिया, (ग) थाईलैंड, (घ) पाकिस्तान,
(ङ) U.A.E. (च) बांग्लादेश, (छ) श्रीलंका, (ज) सिंगापुर,
(झ) कुवैत, (ञ) नेपाल, (ट) भूटान।

➦ 20. भारत के पूर्वी तट पर स्थित प्रमुख समुद्री पत्तनों के नाम बताएँ।
➥ उत्तर - भारत के पूर्वी तट पर स्थित प्रमुख समुद्री पत्तन :-
(क) कोलकाता, (ख) हल्दिया, (ग) पारादीप, (घ) काकीनाड़ा, (ङ) विशाखापट्टनम, (च) चेन्नई, (छ) तूतीकोरिन ।

➦ 21. भारत के दो अन्तःस्थलीय जलमार्गों के नाम बताएँ।
➥ उत्तर - भारत के दो अन्तःस्थलीय जलमार्ग :-
(क) गंगा नदी में इलाहाबाद से हल्दिया तक,
(ख) ब्रह्मपुत्र नदी में सादिया से घुबरी तक।

➦ 22. उन राज्यों के नाम बताएँ जिनमें मुरमूगाँव, न्यू-मंगलौर, पारादीप और तूतीकोरिन पत्तन स्थित हैं ?
➥ उत्तर - मुरमूगाँव का पत्तन गोवा, न्यू-मंगलौर का कर्नाटक, पारादीप का उड़ीसा और तूतीकोरिन का पत्तन तमिलनाडु राज्य में स्थित हैं।

➦ 23. अनुकूल व्यापार संतुलन का अर्थ समझाएँ। भारत का विदेशी व्यापार संतुलन कैसा है ?
➥ उत्तर - जब किसी देश में आयात से अधिक निर्यात हो तो उसे अनुकूल व्यापार संतुलन कहा जाता है। भारत का विदेशी व्यापार असंतुलित अर्थात् विपक्ष में है।

➦ 24. रेलवे के किन्हीं तीन क्षेत्रों के नाम उनके मुख्यालयों के नाम के साथ बताएँ।
➥ उत्तर -
क्षेत्र मुख्यालय

(क) उत्तरी रेलवे नई दिल्ली
(ख) दक्षिण पूर्वी रेलवे कोलकाता
(ग) दक्षिणी रेलवे चेन्नई

➦ 25. भारत के तीन रेल-गेज कौन से हैं ?
➥ उत्तर - (क) बड़े गेज के रेल मार्ग = 1.675 मीटर चौड़े
(ख) मीटर गेज के रेलमार्ग = 1 मीटर चौड़े
(ग) संकरी गेज के रेलमार्ग = 0.762 और 0.610 मीटर चौड़े।

लघु उत्तरीय प्रश्नोत्तर


➦ 1. सड़क परिवहन के तीन गुण बताएँ।

➥ उत्तर - सड़क परिवहन के अपने विशेष गुण हैं जो रेल परिवहन से तुलना करने पर सामने आते हैं :-

(क) यह रेल परिवहन से कहीं बेहतर होता है क्योंकि यह बहुत अधिक लचीला होता है। इसके द्वारा आप निर्माता के द्वार से उपभोक्ता के घर तक पहुँच सकते हैं।
(ख) हमारे देश के बहुत से पहाड़ी भाग ऐसे भी हैं जैसे कश्मीर, असम आदि जहाँ रेलें अभी तक न के बराबर हैं। ऐसे स्थानों में सड़क परिवहन का महत्व और भी बढ़ जाता है।
(ग) सड़क यातायात रेलों द्वारा लाए गए सामान को भी नियत स्थानों पर पहुँचाता है।

➦ 2. आजकल रेलें इतनी महत्त्वपूर्ण क्यों हैं ?
➦ अथवा, रेल परिवहन कहाँ पर अत्यधिक सुविधाजनक परिवहन साधन है तथा क्यों ?

➥ उत्तर - वर्तमान समय की अर्थव्यवस्था में उद्योगों और व्यापार का तेजी से विकास हुआ है। इन दोनों का विकास बिना रेलमार्ग के नहीं हो सकता है। कृषि से संबंधित वस्तुओं को उद्योगों तक तथा लोगों तक पहुँचाने में रेलमार्ग की भूमिका महत्त्वपूर्ण होती है। यह लोगों के आवागमन का प्रमुख साधन है।

➦ 3. सीमांत सड़कों का महत्व बताएँ।

➥ उत्तर - सीमांत सड़कों का महत्व :-

(क) ये सड़कें सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले विशेषकर अगली चौकियों की रखवाली करने वाले सैनिकों की प्रतिदिन की आवश्यकताओं को पूरा करने में बड़ी सहायक सिद्ध होती है।
(ख) युद्ध के समय इन सड़कों से फौजियों को लड़ाई का सामान खाद्य सामग्री तथा अन्य सहायता पहुँचाई जा सकती है।

➦ 4. व्यापार से आप क्या समझते हैं ? स्थानीय (राष्ट्रीय) व अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में अंतर स्पष्ट करें।

➥ उत्तर - व्यापार :- लोगों के मध्य वस्तुओं का क्रय-विक्रय जो राज्यों और देश के आंतरिक क्षेत्रों में होता है व्यापार कहलाता है।

स्थानीय या राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में अन्तर :-
स्थानीय या राष्ट्रीय व्यापार उस व्यापार को कहते हैं जहाँ चीजों की अदला-बदली देश के अन्दर ही होती है जैसे - एक प्रदेश में चीजों का लाना-ले-जाना। इसमें अपने देश की ही मुद्रा चलती है।

इसके विपरीत जब चीजों की अदला-बदली विश्व के विभिन्न देशों में आपस में होती है तो उसे अंतर्राष्ट्रीय व्यापार कहते हैं। जैसे - पटसन के सामान को भारत द्वारा अन्य देशों को भेजना। अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में विदेशी मुद्रा की आवश्यकता पड़ती है।

➦ 5. भारत के तीन पाइपलाइनों के महत्त्वपूर्ण परिवहन जाल का ब्यौरा देते हुए पाइपलाइन व्यवस्था का वर्णन करें।

➥ उत्तर - भारत में फैले हुए तीन पाइपलाइनों के महत्त्वपूर्ण परिवहन जाल का वर्णन निम्नांकित रूप में किया जा सकता है :-

(क) ऊपरी असम तेल क्षेत्र से लेकर उत्तर प्रदेश में कानपुर तक - यह पाइपालाइन गुवाहाटी, बरौनी और इलाहाबाद होकर जाती हैं। इसकी शाखाएँ बरौनी से
राजबंध होकर हल्दिया, राजबंध से मौरीग्राम तथा सिलीगुड़ी से गुवाहाटी तक फैली हैं।
(ख) गुजरात में सलाया से लेकर पंजाब में जालंधर तक - यह पाइपलाइन वीरमगाम, मथुरा, दिल्ली-पानीपत होकर जाती हैं। इसकी शाखाएँ कोयली (वदोदरा के निकट) चाकशू और अन्य स्थानों को जोड़ती हैं।
(ग) गुजरात में हजीरा से लेकर उत्तर प्रदेश में जगदीशपुर तक गैस पाइपलाइन - यह गैस पाइपलाइन मध्य प्रदेश में बिजयपुर होकर जाती हैं। इसकी शाखाएँ काटा, (राजस्थान) शाहजहाँपुर तथा उत्तर बासीन भी पाइपलाइन से जुड़े हैं। इनके अलावा दो पाइपलाइन और भी हैं जो मुंबई हाई और मुंबई के बीच तथा मुंबई और पूना के बीच हैं।
कांडला और पानीपत, कांडला और बीना, मुंबई से मनमाड, विशाखापत्तनम से विजयवाड़ा तथा मगलौर से बंगलौर होकर चेन्नई तक पाइपलाइन बिछाने के प्रस्ताव है।

➦ 6. जल परिवहन, सड़क परिवहन से सस्ता क्यों है ? दो कारण बताएँ।

➥ उत्तर - जल परिवहन का सड़क परिवहन से सस्ता होने के कारण :-

(क) जल-परिवहन में टायरों आदि की इतनी घिसाई नहीं होती जितनी सड़क पर चलने से होती है।
(ख) जितने तेल (पेट्रोल या डीजल) से सड़क पर जितनी दूरी पर जाया जा सकता है पानी में उतने तेल से ही कहीं अधिक दूरी तक जाया जा सकता है क्योंकि पानी नौका को स्वयं ऊपर उठाए रखता है।
(ग) पानी पर चलने वाले वाहनों के दुर्घटना की भी कम सम्भावना होती है जबकि सड़क पर चलने वाले वाहनों में दुर्घटना एक आम चीज है।

➦ 7. रेलवे की समस्याओं का वर्णन करें।

➥ उत्तर - भारत में रेलवे की निम्नांकित समस्याएँ हैं :-

(क) रेलवे की पटरियाँ पुरानी हो गयी है, उनको प्रतिस्थापित करने की समस्या है।
(ख) रेलवे के मालवाहक तथा सवारी डिब्बे पुराने हो गये हैं। उनके स्थान पर मरम्मत किए गए या नये डिब्बों की आवश्यकता हैं ।
(ग) भाप से चलने वाले इंजनों के स्थान पर डीजल तथा विद्युतीकृत इंजनों के लाने का कार्य एक विकट समस्या है।
(घ) पटरियों को एक गेज में बदलना बहुत बड़ी समस्या है।
(ङ) रेलमार्गों को विद्युतीकृत करना भारी समस्या बन गया है क्योंकि इस काम के लिए भारी धन राशि चाहिए।
(च) भारी संख्या में रोजाना यात्री बिना टिकट यात्रा करते हैं। इससे प्रतिदिन काफी आर्थिक हानि होती है।
(छ) अनावश्यक चैन खींचकर लोग रेलगाड़ियों को लेट कर देते हैं जिससे रेल व्यवस्था पर दुष्प्रभाव पड़ता है।
(ज) रेल रोको आदि आंदोलन से रेलवे को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
(झ) रेलवे सम्पदा की चोरी तथा बर्बादी होती है।
(ट) रेलवे के द्वारा माल ढोये जाने में देरी की समस्या विकराल रूप धारण कर रही है।

➦ 8. भारत की विभिन्न प्रकार की सड़कों का वर्णन करें।

➥ उत्तर - भारत में सड़कें विभिन्न प्रकार की हैं। सड़कों को राष्ट्रीय महामार्ग, राज्य-मार्ग, जिले की सड़कें, गाँव की सड़कें तथा सीमा सड़कों के रूप में बाँटा जा सकता है।

(क) राष्ट्रीय महामार्ग - राष्ट्रीय महत्व की सड़कें हैं। ये एक राज्य को दूसरे राज्य से मिलाती हैं। इन महामार्गों का निर्माण कार्य एवं रख-रखाव केंद्रीय सरकार द्वारा कराया जाता है।
(ख) राज्य महामार्ग - इसका निर्माण और रख-रखाव का दायित्व राज्य सरकारों का होता है। ये मार्ग राज्य की राजधानी को जिला मुख्यालयों तथा अन्य महत्त्वपूर्ण नगरों से जोड़ते हैं।
(ग) जिले की सड़कें - जिला मुख्यालय को जिले के विभिन्न नगरों व कस्बों से जोड़ती हैं।
(घ) गाँव की सड़के - गाँवों का निकटवर्ती कस्बों और नगरों से जोड़ती हैं।
(ङ) सीमा सड़कें - इनका निर्माण देश की सीमावर्ती क्षेत्रों में किया जाता है। आज सीमा सड़क संगठन ने अपनी गतिविधियों को अन्य क्षेत्रों तक फैला रखा है।

➦ 9. अंतर्राष्ट्रीय व्यापार क्या है ? अंतर्राष्ट्रीय व्यापार का राष्ट्रीय विकास में क्या योगदान है ? किन्हीं दो बिन्दुओं के विषय में लिखें।

➥ उत्तर - अंतर्राष्ट्रीय व्यापार :- दो या दो से अधिक देशों में आपसी व्यापार को अंतर्राष्ट्रीय व्यापार कहा जाता है।

अंतर्राष्ट्रीय व्यापार से राष्ट्रीय विकास में योगदान :-
(क) अंतर्राष्ट्रीय व्यापार द्वारा देश की समृद्धि को काफी सहयोग मिलता है। विशेषकर जब इस व्यापार में लगे हुए बहुत से व्यापारियों और कारीगरों को इसमें जीवन उपार्जन के साधन मिलते हैं।
(ख) इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार से हमें वह बहुमूल्य विदेशी मुद्रा प्राप्त होती है जिसका प्रयोग हम अनेक महत्त्वपूर्ण वस्तुओं के आयात में कर सकते हैं। जिनकी हमारे देश और उद्योगों को आवश्यकता होती है।

➦ 10. भारत के अंतःस्थलीय जलमार्गों का वर्णन करें।

➥ उत्तर - जलमार्ग परिवहन के सबसे सस्ते साधन हैं। ये भारी तथा अधिक स्थान घेरने वाले समानों को ढोने के लिए अधिक उपयुक्त है। भारत में 14,500 किलोमीटर लंबे अंतःस्थालीय जलमार्ग हैं। इनमें से 3700 किलोमीटर लंबे जलमार्गों में यंत्रीकृत नावें चलायी जा सकती हैं।

भारत सरकार ने निम्नांकित जलमार्गों को राष्ट्रीय जलमार्ग घोषित किया है :-

(i) गंगा नदी जलमार्ग - इलाहाबाद और हल्दिया के बीच (1600 किमी) ।
(ii) ब्रह्मपुत्र नदी जलमार्ग- सदिया और धुबरी के बीच (891 किमी) ।
(iii) पश्चिमतटीय नहर- कोल्लम् और कोट्टायम के बीच (168 किमी) ।
(iv) चम्पाकर नहर - (14 किमी) ।
(v) उद्योगमंडल नहर - (22 किमी) ।

अंतिम तीन अंतःस्थलीय जलमार्ग केरल में हैं।

➦ 11. उत्तर पूर्वी राज्यों में वायु परिवहन अधिक महत्त्वपूर्ण क्यों है ?

➥ उत्तर - उत्तर पूर्वी राज्यों में वायु परिवहन निम्नांकित कारणों से महत्त्वपूर्ण है :-

(क) बड़ी नदियों की उपस्थिति के कारण, जैसे - ब्रह्मपुत्र ।
(ख) विच्छिन्न धरातल,
(ग) घने वन,
(घ) निरन्तर बाढ़ का आगमन,
(ङ) अंतर्राष्ट्रीय सीमाएँ।

उपर्युक्त कारणों से उत्तर-पूर्वी राज्यों में हवाई यात्रा अपेक्षित है।

➦ 12. परिवहन एवं संचार में अंतर स्पष्ट करें।

➥ उत्तर - परिवहन और संचार में अंतर :-

परिवहन :-

(a) परिवहन एक तंत्र है जिसमें यात्रियों और माल को एक स्थान से दूसरे स्थान को लाया और ले जाया जाता है।
(b) परिवहन के साधनों में सड़क, रेल, वायु मार्ग, समुद्र मार्ग सम्मिलित होते हैं।

संचार :-

(a) व्यक्तियों द्वारा संदेश और सूचनाओं के आदान-प्रदान को संचार कहते हैं।
(b) संचार के साधनों में रेडियों, दूरदर्शन, समाचार-पत्र आदि सम्मिलित किए जाते हैं।

➦ 13. व्यक्तिगत संचार और जनसंचार में अंतर स्पष्ट करें।

➥ उत्तर - व्यक्तिगत संचार और जनसंचार में अंतर :-

व्यक्तिगत संचार :-

(a) निजी संचार के साधन हैं जिनका प्रयोग संदेश भेजने के लिए व्यक्ति स्वयं करते हैं।
(b) निजी संचार के साधनों में पोस्टकार्ड, टेलिग्राम, टेलिफोन,
ई-मेल, सेल्यूलर टेलिफोन तथा इंटरनेट हैं।

जनसंचार :-

(a) जन संचार के साधन वे साधन हैं जिनके द्वारा सूचना तथा संदेश आम जनता को प्राप्त होते हैं।
(b) जन संचार के साधनों में अखबार, पत्र-पत्रिकाओं, रेडियो, टेलिविजन, पुस्तकें, चलचित्र तथा कम्प्यूटर आदि को शामिल किया जाता है।

दीर्घ उत्तरीय प्रश्नोत्तर

Coming Soon ...
Previous Post Next Post