Chapter 2 - Nationalism in India | भारत में राष्ट्रवाद

इस पेज में कक्षा 10 के सामाजिक विज्ञान (इतिहास) के अध्याय 2 - भारत में राष्ट्रवाद का उदय का सम्पूर्ण  प्रश्न उत्तर क्रमागत रूप से हिंदी में प्रस्तुत किया गया है । पुराने सिलेबस के अनुसार अध्याय 2 में - इंडो चाइना में राष्ट्रवादी आंदोलन पाठ था, परंतु नए सिलेबस में इस अध्याय को हटाकर "भारत में राष्ट्रवाद" को अध्याय 2 पर कर दिया गया है।

NCERT Solutions for Class 10 Social Science History Chapter 2 in Hindi Medium


संक्षेप में लिखें -

1. व्याख्या करें -

(क) उपनिवेशों में राष्ट्रवाद के उदय की प्रक्रिया उपनिवेशवाद विरोधी आंदोलन से जुड़ी हुई क्यों थी।
(ख) पहले विश्व युद्ध ने भारत में राष्ट्रीय आंदोलन के विकास में किस प्रकार योगदान दिया।
(ग) भारत के लोग रॉलट एक्ट के विरोध में क्यों थे।
(घ) गांधीजी ने असहयोग आंदोलन को वापस लेने का फ़ैसला क्यों लिया।

(क) उपनिवेशों में राष्ट्रवाद के उदय की प्रक्रिया उपनिवेशवाद विरोधी आंदोलन से जुड़ी हुई क्यों थी।

उत्तर -  उपनिवेशों में राष्ट्रवाद के उदय की प्रक्रिया उपनिवेशवाद विरोधी आंदोलन से जुड़ी हुई थी इसलिए  उपनिवेशों में राष्ट्र के प्रति प्रेम की भावना विकसित हुई।

(क) 1600 ई० में लंदन में ईस्ट इंडिया कंपनी की स्थापना हुई थी। 1765 ई० में बंगाल, बिहार, उड़ीसा पर कंपनी का अधिकार हो गया। भारत में उपनिवेश की स्थापना और फिर भारत में ब्रिटिश साम्राज्य के स्थापित होने से राष्ट्रवाद का विकास हुआ। 1857-58 में राष्ट्रवादी शक्तियों ने अंग्रेजों का विरोध किया। उनका यह प्रयास असफल रहा लेकिन लंबे संघर्ष के बाद 1947 में आजादी मिली।
(ख) औपनिवेशिक शासकों के विरुद्ध संघर्ष के दौरान लोगों ने आपसी एकता को पहचाना कि एकजुट होकर वे विदेशी लोगों को अपने देश से निकाल सकते हैं।
(ग) उपनिवेशों के अंतर्गत उत्पीड़न और दमन के कारण विभिन्न समूहों को संगठित होना पड़ा और उपनिवेश विरोधी आंदोलन चलाया जाने लगा।
(घ) वियतनाम, चीन, बर्मा आदि देशों में उपनिवेशवाद का विरोध होता रहा। विश्व के अनेक एशियाई, अफ्रीकी और लैटिन अमेरिकी देश भी राष्ट्रवाद की भावनाओं से प्रेरित थे। इसलिए उपनिवेशवाद विरोधी संघर्ष और आंदोलन के के साथ जुड़े हुए थे।

(ख) पहले विश्व युद्ध ने भारत में राष्ट्रीय आंदोलन के विकास में किस प्रकार योगदान दिया।

उत्तर - (क) प्रथम विश्व युद्ध में भारी संख्या में भारतीयों को सेना में भर्ती किया गया। यूरोपीय देशों के स्वतंत्र वातावरण और लोकतंत्रीय संगठनों का उन पर प्रभाव पड़ा। युद्ध के अनुभवों से उन्हें अपनी क्षमता पर विश्वास हुआ। वे अपने देश में भी लोकतंत्र की स्थापना कर सकते हैं। राजनीतिक जागृति और आत्मविश्वास की प्रबल भावना पहले विश्व युद्ध के बाद विकसित हुई।
(ख) युद्ध-व्यय की पूर्ति के लिए ब्रिटेन ने अपने उपनिवेशों पर अतिरिक्त कर भार आरोपित किए, जिसके परिणामस्वरूप उपनिवेशों में विकट आर्थिक एवं राजनीतिक स्थिति उत्पन्न हुई। सरकार की आर्थिक नीतियों से वस्तुओं की कीमतें अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई।
(ग) देश के कई भागों में फसलें नष्ट हो गई थी जिसके परिणामस्वरूप खद्यान्नों की कमी हो गई तथा कई क्षेत्रों में अकाल पड़ गए। इसी बीच फ्लू जैसी महामारी फैल गई जिससे भारी संख्या में लोग मारे गए।
(घ) अंग्रेजी सरकार ने भारत में क्रांतिकारी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए। डिफेंस ऑफ इंडिया एक्ट 1915 ई० में लागू किया। इसके बाद क्रांतिकारी आंदोलन कम होने के बजाय और तेज हो गया।
उपर्युक्त परिस्थितियों के प्रति सरकार का रूप न सिर्फ उदासीन बल्कि असहयोगात्मक रहा जिसके परिणामस्वरूप लोगों में सरकार के प्रति असंतोष और विद्रोह का भाव पनपा तथा लोग राष्ट्रवादी आंदोलन के लिए मजबूर हुए।

(ग) भारत के लोग रॉलट एक्ट के विरोध में क्यों थे ? अथवा रॉलेट एक्ट क्या था ? गाँधीजी ने रॉलेट एक्ट का विरोध किस प्रकार किया ? वर्णन करें।

उत्तर - भारत में ब्रिटिश शासन के हो रहे प्रतिरोधों के खिलाफ ब्रिटेन के इम्पीरियल लेजिस्लेटिव काउंसिल ने 1919 ई० में एक कानून परित किया। जिसे रॉलेट एक्ट के नाम से जाना जाता है।

(क) 1918 ई० में अंग्रेजी सरकार ने रॉलेट की अध्यक्षता में एक समिति नियुक्त की। इस समिति को यह निर्देश दिया गया कि भारत में क्रांतिकारी आंदोलनों को रोकने के लिए किस तरह के कानून बनाए जाएँ क्योंकि देश का कानून अपर्याप्त है।
(ख) इस कानून के द्वारा सरकार को राजनीतिक गतिविधियों को कुचलने और राजनीतिक कैदियों को दो साल तक बिना मुकदमा चलाए जेल में बंद रखने का अधिकार मिल गया। इसी कारण भारतीयों ने रॉलेट एक्ट का विरोध किया।
(ग) गाँधीजी ने इस अन्यायपूर्ण कानून के खिलाफ अहिंसक ढंग से नागरिक अवज्ञा करने की घोषणा की।
(घ) इस नागरिक अवज्ञा को 6 अप्रैल, 1919 से एक हड़ताल के साथ प्रारंभ होना निश्चित किया गया।
(ङ) रॉलेट एक्ट के खिलाफ विभिन्न शहरों में रैलियों एवं जुलूसों का आयोजन किया गया। रेलवे कामगार हड़ताल पर चले गए। दुकानें स्वतः बंद हो गई। टेलीग्राफ सेवा बाधित कर दी गई। इस प्रकार देश में अव्यवस्था का आलम फैल गया।
(च) 10 अप्रैल, 1919 को पुलिस ने अमृतसर में एक शांतिपूर्ण जुलूस पर गोली चला दी। इससे लोग उग्र हो उठे तथा बैंकों, डाकघरों तथा रेलवे स्टेशनों पर हमले करने लगे।

(घ) गांधीजी ने असहयोग आंदोलन को वापस लेने का फ़ैसला क्यों लिया।

उत्तर - असहयोग आंदोलन अपने पूरे जोरों पर चल रहा था जब महात्मा गाँधी ने 1922 ई० को उसे वापस ले लिया। इस आंदोलन के वापस लिए जाने के निम्नांकित कारण थे -

(क) महात्मा गाँधी अहिंसा और शांति के पूर्ण समर्थक थे, इसलिए जब उन्हें यह सूचना मिली कि उत्तेजित भीड़ ने चौरी-चौरा के पुलिस थाने को आग लगा कर 22 सिपाहियों की हत्या कर डाली है तो वह परेशान हो उठे। उन्हें अब विश्वास न रहा कि वे लोगों को शान्त रख सकेंगे। ऐसे में उन्होंने असहयोग आंदोलन को वापस ले लेना ही उचित समझा।
(ख) दूसरे वे सोचने लगे कि यदि लोग हिंसक हो जाएँगे तो अंग्रेजी सरकार भी उत्तेजित हो उठेगी और आतंक का राज्य स्थापित हो जाएगा और अनेक निर्दोष लोग मारे जाएँगे। महात्मा गाँधी जलियांवाला बाग जैसे हत्याकांड की पुनरावृत्ति नहीं करना चाहते थे इसलिए 1922 ई० में उन्होंने असहयोग आंदोलन को वापस ले लिया।

2. सत्याग्रह के विचार का क्या मतलब है ?

उत्तर - सत्याग्रह के विचार में सत्य की शक्ति का आग्रह और सत्य की खोज पर गाँधीजी ने जोर दिया था। सत्याग्रह के विचार के अर्थ की व्याख्या निम्नांकित रूप से की जा सकती है -

(क) यदि आपका उद्देश्य सच्चा और न्यायपूर्ण है, तो आपको अंत में सफलता अवश्य मिलेगी, ऐसा महात्मा गाँधी का विचार था।
(ख) प्रतिशोध की भावना या आक्रामकता का सहारा लिए बिना सत्याग्रही केवल अहिंसा के सहारे भी अपने संघर्ष में सफल हो सकता है।
(ग) इसके लिए दमनकारी शत्रु की चेतना को झिंझोड़ना चाहिए। उत्पीड़क शत्र को ही नहीं बल्कि सभी लोगों को हिंसा के जरिए सत्य को स्वीकार करने पर विवश करने के बजाय सच्चाई को देखने और सहज भाव को स्वीकार करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
(घ) इस संघर्ष में अंततः सत्य की ही जीत होती है। गाँधीजी को विश्वास था कि अहिंसा का यह धर्म सभी भारतीयों को एकता के सूत्र में बाँध सकता है।

3. निम्नलिखित पर अख़बार के लिए रिपोर्ट लिखें ।

(क) जलियाँवाला बाग हत्याकांड
(ख) साइमन कमीशन

(क) जलियांवाला बाग हत्याकांड पर रिपोर्ट लिखें। अथवा  जलियांवाला बाग हत्याकांड पर टिप्पणी लिखें।

उत्तर - (क) रॉलेट एक्ट के विरोध में महात्मा गाँधी और सत्यपाल किचलू गिरफ्तार हो चुके थे। इस गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए 13 अप्रैल 1919 ई० के वैशाखी पर्व के दिन अमृतसर में जलियांवाला बाग में एक जनसभा का आयोजन किया गया था।
(ख) अमृतसर के सैनिक प्रशासक जनरल डायर ने इस सभा को अवैध घोषित कर दिया था, परंतु सभा हुई थी। तब उसने वहाँ पर गोली चलवाई थी, इसमें सैकड़ों व्यक्ति मौत का शिकार हो गए थे।
(ग) इस हत्याकांड के पश्चात ब्रिटिश सरकार ने एक हंटर आयोग स्थापित किया था और उस आयोग की रिर्पोट के बाद जनरल डायर को अनेक सम्मान दिए थे। इससे महात्मा गाँधी असहयोगी हो गए थे, और उन्होंने असहयोग आंदोलन चलाने का निश्चय किया था।
(घ) जलियाँवाला बाग हत्याकांड भारत के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटना थी। इससे भारत भर में रोष की लहर फूट पड़ी।

(ख) साइमन कमीशन पर रिपोर्ट लिखें। अथवा साइमन कमीशन का गठन क्यों किया गया था ? भारतीयों ने साइमन कमीशन का बहिष्कार क्यों किया ?

उत्तर - (क) ब्रिटेन की टोरी सरकार ने भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन के जवाब में 1927 ई० में एक वैधानिक आयोग का गठन किया जिसे साइमन कमीशन के नाम से जाना जाता है। इस कमीशन के अध्यक्ष सर जॉन साइमन थे।
(ख) इस आयोग के सभी सदस्य अंग्रेज थे उनका कार्य यही था कि भारत में संवैधानिक व्यवस्था की कार्यशैली का अध्ययन करना एवं तदनुरूप सुझाव देना था।
(ग) भारत में इसका विरोध इसलिए हुआ कि इस आयोग में एक भी भारतीय सदस्य नहीं थे सारे सदस्य अंग्रेज थे। अतः 1928 में जब साइमन कमीशन भारत पहुँचा तो उसका स्वागत 'साइमन कमीशन वापस जाओ' के नारों से किया गया। काँग्रेस और मुस्लिम लीग, सभी पार्टियों ने प्रदर्शनों में हिस्सा लिया।
(घ) पंजाब में लाला लाजपत राय ने इस आयोग के विरुद्ध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। पुलिस ने उन पर इतनी लाठियां बरसाई कि इस प्रहार से उनकी मृत्यु हो गई।

4. इस अध्याय में दी गई भारत माता की छवि और जर्मेनिया की छवि की तुलना कीजिए।

उत्तर - 1948 ई० में जर्मन चित्रकार फिलिप वेट ने अपने राष्ट्र को जर्मेनिया के रूप में प्रस्तुत किया। वे बलूत वृक्ष के पत्तों का मुकुट पहने दिखाई गई हैं क्योंकि जर्मन बलूत वीरता का प्रतीक है। भारत में भी अबनिंद्रनाथ टैगोर जैसे अनेक कलाकारों ने भारत राष्ट्र को भारत माता के प्रतीक के रूप में दिखाया है। एक चित्र में उन्होंने भारत माता को शिक्षा भोजन और कपड़े देती हुई दिखाया है। एक अन्य चित्र में भारत माता को अन्य ढंग से दिखाया गया है जो अबनिन्द्रनाथ टैगोर के चित्र से बिल्कुल भिन्न है। इस चित्र में भारत माता को शेर और हाथी के बीच खड़ी दिखाया गया और उसके हाथ में त्रिशूल है। भारत माता की ऐसी छवि शायद सभी जातियों को रास न आए।

चर्चा करें  - 

1.  1921 में असहयोग आंदोलन में शामिल होने वाले सभी सामाजिक समूहों की सूची बनाइए। इसके बाद उनमें से किन्हीं तीन को चुन कर उनकी आशाओं और संघर्षों के बारे में लिखते हुए यह दर्शाइए कि वे आंदोलन में शामिल क्यों हुए।

उत्तर - 1921 के असहयोग आंदोलन में समाज के अनेक समूहों ने भाग लिया जिसमें उल्लेखनीय हैं :-
(क) नगरों के मध्य श्रेणी के लोग,
(ख) ग्रामीण क्षेत्रों के किसान लोग,
(ग) जंगली क्षेत्रों के आदिवासियों ने,
(घ) बागान में काम करने वाले विभिन्न प्रकार के लोगों ने।

असहयोग आंदोलन में भाग लेने के निम्नांकित कारण थे :-

(क) नगरों में रहने वाले लोगों ने इस आंदोलन में इसलिए भाग लिया कि यदि लोग विदेशी माल का बहिष्कार करेंगे तो उनका अपना बनाया हुआ माल तेजी से बिकेगा और उनकी औद्योगिक इकाइयाँ फिर से काम करने लगेंगी इससे लोगों के लिए नौकरी के कई नए अवसर खुलेंगे।
(ख) ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों ने असहयोग आंदोलन में बढ़-चढ़कर इसलिए भाग लिया कि एक तो उन्हें बड़े-बड़े जमींदारों के अत्याचारों से मुक्ति मिलेगी और दूसरे उन्हें कठोरता से लगान इकट्ठा करने वाले अधिकारियों के जुल्मों से निजात मिलेगी।
(ग) बागान में काम करने वाले विभिन्न प्रकार के लोगों ने इसलिए असहयोग आंदोलन में भाग लिया क्योंकि एक तो उन्होनें बागान की समान जेल की चारदीवारों से बाहर लाने की आज्ञा मिल जाएगी और दूसरे वे बागान मालिकों की दासता और पशु-समान व्यवहार से मुक्ति प्राप्त कर लेंगे और स्वतंत्र वातावरण में जीवन व्यतीत कर सकेंगे।

2. नमक यात्र की चर्चा करते हुए स्पष्ट करें कि यह उपनिवेशवाद के खिलाफ प्रतिरोध का एक असरदार प्रतीक था।

उत्तर - (क) 12 मार्च, 1930 ई० को डांडी यात्रा द्वारा गाँधीजी ने सविनय अवज्ञा आंदोलन का सूत्रपात किया। गाँधीजी के अनुयायियों ने डांडी नामक समुद्र तटीय स्थान पर नमक बनाकर नमक कानून तोड़ा। यह आंदोलन सरकारी आदेशों को न मानने का प्रतीक था।
(ख) ब्रिटिश कानून को तोड़ना निःसन्देह उपनिवेशवाद के विरुद्ध एक जबर्दस्त कदम था। देखने को यह समुद्र के पानी से नमक बनाने की प्रक्रिया एक साधारण-सी घटना लगती है परन्तु इसने उपनिवेशवाद के सारे ढांचे को ही हिला कर रख दिया।
(ग) साबरमती आश्रम से डांडी की कोई 240 मील की यात्रा में महात्मा गाँधी और उनके साथियों को अनेक स्थानों पर रुकना पड़ा। हर पड़ाव में ब्रिटिश सरकार के विरुद्ध नारेबाजी होती रही जिससे राष्ट्रीय भावनाएँ और उत्तेजित होती गई और लोगों में उपनिवेशवाद के प्रति घृणा पैदा होने लगी।
(घ) जैसे ही 6 अप्रैल, 1930 ई० को समुद्र के पानी से नमक बनाया गया सबको यह पता चल गया कि ब्रिटिश सरकार के विरुद्ध सविनय अवज्ञा आंदोलन का बिगुल बज चुका है। इस प्रकार नमक यात्रा उपनिवेशवाद के खिलाफ प्रतिरोध का एक असरदार प्रतीक बन गई।

3. कल्पना कीजिए की आप सिविल नाफ़रमानी आंदोलन में हिस्सा लेने वाली महिला हैं। बताइए कि इस अनुभव का आपके जीवन में क्या अर्थ होता ।

उत्तर - सिविल नाफरमानी आंदोलन में भाग लेने के लिए मुझे एक महिला के नाते कितना फखर होता। मुझे न केवल महात्मा गाँधी जैसे बड़े नेताओं से मिलने का ही सौभाग्य प्राप्त होता वरन् उनके साथ-साथ साबरमती आश्रम से डांडी तक चलते-चलते कितना आनन्द प्राप्त होता। इन 25-26 दिन (12 मार्च, 1930 से 5 अप्रैल, 1930 तक) की यात्रा में स्थान-स्थान पर हमारा स्वागत हुआ, हजारों की संख्या में लोग महात्मा गाँधी को सुनने आये। लोगों ने जम कर अंग्रेजी सरकार के विरुद्ध नारे लगाए। सारा वातावरण ऐसे बन गया कि मैं सोचने को मजबूर हुई कि वह दिन दूर नहीं जब भारत स्वतंत्र होकर रहेगा। 6 अप्रैल के दिन डांडी स्थान पर समुद्र के किनारे महात्मा गाँधी ने समुद्र के नमकीन पानी से नमक तैयार करना जैसे ही शुरू किया 'भारत माता जिन्दाबाद' 'गाँधीजी जिन्दाबाद' 'हम आजादी लेकर रहेंगे' आदि नारों से आकाश गूंज उठा।

4. राजनीतिक नेता पृथक निर्वाचिका (चुनाव क्षेत्रों) के सवाल पर क्यों बँटे हुए थे।

उत्तर - (क) राजनीतिक नेता भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों और समुदायों का प्रतिनिधित्व करते थे।
(ख) जैसे- डॉ० अम्बेदकर 'दलित वर्गों' या दलितों का नेतृत्व करते थे। इसी प्रकार मोहम्मद अली जिन्ना भारत के मुस्लिम सामाजिक समूह का प्रतिनिधित्व करते थे।
(ग) ये नेतागण विशेष राजनीतिक अधिकारों और पृथक निर्वाचन क्षेत्र माँगकर अपने अनुयायियों का जीवन स्तर ऊँचा उठाना चाहते थे।
(घ) लेकिन काँग्रेस पार्टी, विशेषकर गाँधीजी का मानना था कि पृथक निर्वाचन क्षेत्र भारत की एकता पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।
(ङ) वे इस माँग के विरुद्ध थे और एक समय इसके लिए आमरण अनशन पर भी बैठे थे। यही वे कारण थे कि राजनीतिक नेता पृथक चुनाव क्षेत्रों के सवाल पर बँटे हुए थे।

नोट :- परियोजना कार्य स्वयं पूरा करें ।
Previous Post Next Post